
Vitamin B12 : विटामिन B12 एक आवश्यक पोषक तत्व है जो शरीर में ऊर्जा के स्तर को बनाए रखने, तंत्रिका तंत्र को मजबूत करने और डीएनए निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसे ‘कोबालामिन’ (Cobalamin) के नाम से भी जाना जाता है। एक सामान्य व्यक्ति के शरीर में इसकी रेंज 190 से 950 pg/ml के बीच होनी चाहिए। यदि शरीर में विटामिन B12 की कमी हो जाए, तो स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, जिससे थकान, कमजोरी और अन्य समस्याएं हो सकती हैं।
विटामिन B12 की कमी क्यों होती है?
चूंकि हमारा शरीर खुद विटामिन B12 का उत्पादन नहीं कर सकता, इसलिए इसे बाहरी स्रोतों से प्राप्त करना जरूरी होता है। यह मुख्य रूप से नॉन-वेज फूड्स (मांस, अंडे, मछली, डेयरी प्रोडक्ट्स) में पाया जाता है। जो लोग शाकाहारी होते हैं या जिनका खानपान विटामिन B12 से भरपूर नहीं होता, वे इसकी कमी के शिकार हो सकते हैं।
इसके अलावा, कुछ लोग अपने डाइट से पर्याप्त मात्रा में B12 नहीं ले पाते या उनकी आंत इसे ठीक से अवशोषित नहीं कर पाती। ऐसे मामलों में डॉक्टर सप्लीमेंट, टैबलेट या स्ट्रिप्स लेने की सलाह देते हैं। लेकिन सवाल यह उठता है कि इनमें से कौन सा विकल्प बेहतर है?
विटामिन B12 की कमी के लक्षण
यदि शरीर में विटामिन B12 की कमी हो जाए तो इसके कई लक्षण दिखाई दे सकते हैं, जैसे:
बार-बार थकान और कमजोरी महसूस होना
चक्कर आना और ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई
त्वचा का पीला पड़ना
मांसपेशियों में कमजोरी
हाथ-पैरों में सुन्नपन या झुनझुनी
टैबलेट vs स्ट्रिप्स: कौन बेहतर है?
1. स्ट्रिप्स: तेजी से अवशोषण और बेहतर प्रभाव
ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल, मुंबई की सीनियर कंसल्टेंट, डॉ. मंजूषा अग्रवाल के अनुसार, विटामिन B12 स्ट्रिप्स सीधे ब्लड फ्लो में पहुंचती हैं, जिससे वे तेजी से असर दिखाती हैं। यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद होती हैं जिन्हें गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (पाचन) समस्याएं होती हैं या वे लोग जो B12 अवशोषण को प्रभावित करने वाली दवाएं लेते हैं।
2. टैबलेट: किफायती और लंबे समय तक असर
हैदराबाद के ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल्स में कंसल्टेंट, डॉ. मनेंद्र के अनुसार, टैबलेट्स भी प्रभावी होती हैं, लेकिन उनका अवशोषण धीरे-धीरे होता है। टैबलेट्स अधिक किफायती होती हैं और अलग-अलग खुराक में उपलब्ध होती हैं, जिससे उन्हें जरूरत के अनुसार लिया जा सकता है।
कौन सा विकल्प चुनें?
- अगर आपको गोलियां निगलने में परेशानी होती है या जल्दी असर चाहिए, तो स्ट्रिप्स बेहतर हो सकती हैं।
- अगर आप लंबे समय तक B12 की जरूरत पूरी करना चाहते हैं और बजट फ्रेंडली विकल्प ढूंढ रहे हैं, तो टैबलेट्स सही रहेंगी।
- गंभीर B12 की कमी वाले मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर स्ट्रिप्स या इंजेक्शन दिया जाता है।
Read More: How to Overcome Laziness and Tiredness Instantly: अपनाएं ये 5 असरदार आदतें और बनें फुर्तीले