
Times News Hindi,Digital Desk: अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत 2025 तक जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। IMF के अप्रैल 2025 के वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के मुताबिक, भारत की नॉमिनल जीडीपी बढ़कर 4,187.017 अरब डॉलर हो जाएगी, जबकि इसी अवधि में जापान की जीडीपी 4,186.431 अरब डॉलर रहने का अनुमान है।
भारत वर्तमान में अमेरिका, चीन, जर्मनी और जापान के बाद दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। रिपोर्ट के अनुसार, 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था 5 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर जाएगी। 2028 तक भारत जर्मनी को भी पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर होगा। उस समय भारत की जीडीपी 5,584.476 अरब डॉलर होगी, जबकि जर्मनी की जीडीपी 5,251.928 अरब डॉलर रहने का अनुमान है।
IMF ने 2025 के लिए भारत की जीडीपी विकास दर को 6.2 प्रतिशत तक संशोधित किया है, जो जनवरी आउटलुक के 6.5 प्रतिशत के मुकाबले थोड़ी कम है। विकास दर में यह कमी वैश्विक व्यापार में अनिश्चितताओं के कारण बताई गई है। रिपोर्ट में कहा गया कि भारत अगले दो वर्षों में भी दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा, जो लगभग 6 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ेगा।
वैश्विक स्तर पर IMF ने 2025 के लिए 2.8 प्रतिशत की वैश्विक वृद्धि दर का अनुमान लगाया है, जो अपेक्षाकृत धीमी है। इस रिपोर्ट में 127 देशों में वृद्धि दर में गिरावट का उल्लेख किया गया है, जो वैश्विक जीडीपी का 86 प्रतिशत हिस्सा है।
Read More: Gold Price MCX: क्या सोना फिर बनेगा सस्ता? जानें क्यों गिर सकता है भाव 56,000 तक