
Times News Hindi,Digital Desk : भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक बड़ी छलांग लगाते हुए आधिकारिक तौर पर जापान को पीछे छोड़ दिया है। अब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के मुताबिक भारत की जीडीपी 4.187 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जबकि जापान की अर्थव्यवस्था 4.186 ट्रिलियन डॉलर पर है।
इस उपलब्धि पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए इसे हर भारतीय के लिए गर्व का दिन बताया। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से कहा, "IMF की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और 140 करोड़ भारतीयों के परिश्रम का परिणाम है।"
भारत से आगे अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं। इनमें अमेरिका 30.57 ट्रिलियन डॉलर के साथ शीर्ष पर है, चीन 19.231 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ दूसरे स्थान पर और जर्मनी 4.744 ट्रिलियन डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर है।
यह कदम न केवल भारत के आर्थिक विकास का संकेत है, बल्कि वैश्विक मंच पर देश की बढ़ती प्रतिष्ठा को भी दर्शाता है। आने वाले वर्षों में, भारत की अर्थव्यवस्था में और भी मजबूती की संभावना जताई जा रही है।
Read More: Gold Price MCX: क्या सोना फिर बनेगा सस्ता? जानें क्यों गिर सकता है भाव 56,000 तक