img

Times News Hindi,Digital Desk : भारतीय अर्थव्यवस्था के मौजूदा हालात को लेकर मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) वी अनंत नागेश्वरन ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत ग्रोथ दिखा रही है। नागेश्वरन के मुताबिक, ताजा इंडिकेटर्स अर्थव्यवस्था की सकारात्मक तस्वीर पेश कर रहे हैं। उन्होंने अशोका यूनिवर्सिटी के एक समारोह में बताया कि वित्त वर्ष 2025 के आधिकारिक आंकड़े मई में उपलब्ध होंगे, लेकिन अभी के संकेतों के आधार पर ग्रोथ मजबूत रहने की उम्मीद है।

नागेश्वरन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), शिक्षा प्रणाली और कुशल श्रमशक्ति (स्किल्ड वर्कफोर्स) देश की विकास दर में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भी बदलाव से रोजगार बढ़ रहे हैं और छोटे तथा मध्यम उद्योगों (MSME) और विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार हो रहा है।

इस मौके पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने भारत के लॉन्ग टर्म विकास लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि पिछले तीन दशकों में भारत की अर्थव्यवस्था ने लगातार 6.5% की प्रभावशाली वार्षिक वृद्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि संस्थागत क्षमता और परिपक्वता के कारण भारत 2047 तक एक विकसित और उच्च आय वाले देश के तौर पर उभर सकता है।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत विश्व की सबसे तेज बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है। IMF ने वर्ष 2025 में भारत की विकास दर 6.2% और 2026 में 6.3% रहने की संभावना जताई है। इसके मुकाबले चीन की विकास दर 2025 में 4% और 2026 में 4.6% अनुमानित है। IMF की मुख्य अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर आर्थिक वृद्धि दर गिरकर 2.8% रह सकती है।


Read More:
Gold Price MCX: क्या सोना फिर बनेगा सस्ता? जानें क्यों गिर सकता है भाव 56,000 तक