
Times News Hindi,Digital Desk : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर पूरे देश में आक्रोश का माहौल है। जगह-जगह पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी कड़ी में मुंबई के वाकोला इलाके में भी एक हिंदू संगठन ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दूसरे समुदाय के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों समुदायों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि इस झड़प के संबंध में 15 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।