
Times News Hindi,Digital Desk : बॉलीवुड फिल्मों के रिलीज होते ही विवाद खड़ा होना कोई नई बात नहीं है। हाल ही में रिलीज हुई प्रतीक गांधी और पत्रलेखा की फिल्म 'फुले' ने खूब सुर्खियां बटोरीं। ब्राह्मण समुदाय ने फिल्म पर जाति विशेष का अपमान करने का आरोप लगाया था, जिसके चलते सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कई दृश्यों को हटा दिया। 25 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। 'फुले' फिल्म सामाजिक कार्यकर्ता ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है। इसमें प्रतीक गांधी ने ज्योतिबा फुले और पत्रलेखा ने सावित्रीबाई फुले की भूमिका निभाई है।
हालांकि, विवाद के बीच रिलीज होने वाली फिल्मों की लिस्ट में 'फुले' अकेली नहीं है। इस साल सनी देओल, रणदीप हुड्डा, रेजिना कैसेंड्रा और सैयामी खेर स्टारर 'जाट' भी चर्चा में रही। फिल्म के एक दृश्य पर ईसाई समुदाय ने धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया था, जिसके चलते एफआईआर भी दर्ज हुई। बाद में फिल्म के विवादित दृश्य हटा दिए गए। 'जाट' ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर सफल फिल्मों में जगह बनाई।
साल 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल 'छावा' भी विवादों में घिरी रही। शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में हैं। एक गाने में संभाजी महाराज के डांस को लेकर विरोध हुआ, वहीं ऐतिहासिक तथ्यों में छेड़छाड़ का आरोप लगा। सेंसर बोर्ड के कट के बावजूद 'छावा' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और अकेले भारत में 500 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। फिल्म का कुल कलेक्शन 600 करोड़ रुपये पार कर गया।
इसी कड़ी में कंगना रनौत की फिल्म 'इमरजेंसी' भी विवादों से नहीं बच सकी। 17 जनवरी को रिलीज हुई यह फिल्म पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में लगाए गए आपातकाल पर आधारित थी। फिल्म पर ऐतिहासिक तथ्यों को गलत पेश करने का आरोप लगा। हालांकि कंगना रनौत के अभिनय की जमकर तारीफ हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म खास कमाल नहीं दिखा सकी। फिल्म में अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, श्रेयस तलपड़े और दिवंगत सतीश कौशिक जैसे कलाकार भी थे।
Read More: भोजपुरी एक्ट्रेस नेहा मलिक का रेड आउटफिट में बोल्ड लुक वायरल, तस्वीरों ने लगाई सोशल मीडिया पर आग