
Honey Singh On Badshah-Raftaar : पंजाबी सिंगर और रैपर हनी सिंह (Honey Singh) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनके कमबैक और उस बयान की हो रही है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। हाल ही में मुंबई में हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। फैंस उनके गानों पर झूमते नजर आए, लेकिन इस कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसे अब रैपर बादशाह और रफ्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके बयान के वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। आइए जानते हैं, आखिर क्या बोले हनी सिंह और कैसे इस बयान ने पुराने विवाद को फिर हवा दे दी।
हनी सिंह ने दिया बड़ा बयान
दरअसल, हनी सिंह अपने कमबैक को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच लाइव कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने ऐसा बयान दिया, जिसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कॉन्सर्ट में हनी सिंह ने कहा:
"कई लोग कहते हैं कि वो मेरे भाई हैं, कई लोग कहते हैं कि मेरा कमबैक नहीं होगा। फिर कहते हैं कि वो मेरे गाने लिखते थे और फिर कहते हैं कि वो मेरी तकदीर लिख देंगे।"
इसके बाद उन्होंने एक शेर भी सुनाया:
"पिछले साल मेरी तकदीर ने कइयों के घमंड तोड़े, अब तुझे कमबैक करना पड़ेगा।"
हनी सिंह के इस बयान को सीधे-सीधे बादशाह और रफ्तार से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन, इंडस्ट्री में इस बयान का सीधा संबंध उनके पुराने विवादों से जोड़ा जा रहा है।
बादशाह और हनी सिंह की टकरार
हनी सिंह और बादशाह के बीच तकरार कोई नई बात नहीं है। दोनों कभी एक ही ग्रुप ‘माफिया मुंडीर’ का हिस्सा हुआ करते थे, लेकिन समय के साथ इनके रास्ते अलग हो गए। बादशाह ने अपने कई इंटरव्यूज में इशारों-इशारों में हनी सिंह पर तंज कसे हैं और यहां तक कहा है कि उनका अब कोई कमबैक नहीं होगा।
पिछले कुछ सालों में जब हनी सिंह इंडस्ट्री से दूर थे, तब बादशाह ने हिप-हॉप म्यूजिक पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और कई हिट गाने दिए। वहीं, हनी सिंह जबरदस्त वापसी की कोशिश में लगे हुए हैं और उनके इस बयान से साफ है कि वो किसी भी हाल में अपनी जगह दोबारा पाना चाहते हैं।
रफ्तार बनाम हनी सिंह: पुरानी दुश्मनी फिर ताजा?
रैपर रफ्तार और हनी सिंह के बीच भी लंबे समय से कोल्ड वॉर चल रही है। रफ्तार कई बार अपने बयानों में हनी सिंह पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने अपने इंटरव्यू में यह तक कहा था कि हनी सिंह की वापसी मुमकिन नहीं है।
अब जब हनी सिंह ने स्टेज पर आकर ये बयान दिया, तो इसे रफ्तार के लिए भी एक जवाब माना जा रहा है। हालांकि, हनी सिंह ने इस बयान में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके शब्दों से साफ झलकता है कि वो अपने पुराने विरोधियों को जवाब देना चाहते हैं।
अब लंबा परफॉर्म करेंगे हनी सिंह
अपने कॉन्सर्ट में हनी सिंह ने एक और बड़ी बात कही। उन्होंने बताया कि वो पिछले 15-16 साल से सिर्फ 35 मिनट तक ही परफॉर्म करते आए हैं। लेकिन अब वो तब तक परफॉर्म करेंगे, जब तक कि ऑडियंस खुद ना थक जाए।
इस बयान से साफ है कि हनी सिंह अपने कमबैक को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं और अब वो पहले से ज्यादा एनर्जी और जुनून के साथ म्यूजिक इंडस्ट्री में छाने की कोशिश कर रहे हैं।