img

Bhojpuri Holi Songs: भोजपुरी संगीत पर अक्सर अश्लीलता का आरोप लगाया जाता रहा है। खासकर होली के गानों में डबल मीनिंग शब्दों और चोली-ढोढ़ी जैसे बोलों के इस्तेमाल के कारण इसकी आलोचना होती रही है। लेकिन भोजपुरी संस्कृति में रिश्तों की एक अलग ही मिठास होती है—देवर-भाभी, जीजा-साली और जेठ-बहू के रिश्तों में हंसी-मजाक की परंपरा लंबे समय से रही है, जिसे संगीत में भी खूबसूरती से दर्शाया गया है।

हालांकि, कई ऐसे गीत भी हैं जो अश्लीलता से परे हैं और परिवार के साथ बैठकर सुनने लायक हैं। इस होली पर अगर आप भी साफ-सुथरे, मस्ती से भरपूर और पारिवारिक माहौल में आनंद लेने वाले गाने सुनना चाहते हैं, तो हम आपके लिए लेकर आए हैं कुछ बेहतरीन भोजपुरी होली गीतों की लिस्ट।

1. सदा आनंद रहे एहि द्वारे मोहन खेले होली हो

अगर आप कृष्ण भक्ति में रंगे होली गीतों का आनंद लेना चाहते हैं, तो यह गाना आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। पवन सिंह की आवाज में यह गीत भगवान श्रीकृष्ण की होली को दर्शाता है, जिसमें आनंद और उत्साह का जबरदस्त संगम देखने को मिलता है। इस गीत में अश्लीलता की कोई जगह नहीं है, बल्कि यह एक पारिवारिक और संस्कारी गीत है जिसे आप अपने घर के बड़ों और बच्चों के साथ भी सुन सकते हैं।

2. जोगिजी हां – फिल्म 'नदिया के पार'

अगर आप 80 के दशक के संगीत प्रेमी हैं, तो ‘नदिया के पार’ फिल्म का यह गीत आपको जरूर पसंद आएगा। इस गाने में गांव की सादगी और पारंपरिक तरीके से खेली जाने वाली होली को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। खास बात यह है कि इसमें देवर-भाभी के रिश्ते की मजेदार नोंकझोंक को भी दर्शाया गया है, जो पूरी तरह से पारिवारिक और हास्यपूर्ण है।

3. तनी छटक छटक डलवतू

बिरहा सम्राट विजय लाल यादव के इस होली गीत में हंसी-ठिठोली का भरपूर आनंद है। यह गाना किसी भी तरह की अश्लीलता से दूर है और इसे आप पूरे परिवार के साथ होली के दिन बजाकर ठुमके लगा सकते हैं। गाने में विजय लाल यादव की जबरदस्त गायकी और एनर्जी देखने लायक है, जो होली के माहौल को और भी शानदार बना देती है।

4. निरहुआ के होली

दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भोजपुरी संगीत के बड़े नामों में से एक हैं। उन्होंने अपने करियर में कई शानदार गाने गाए हैं, जिनमें ‘निरहुआ के होली’ भी शामिल है। इस गाने में पति-पत्नी के बीच के मजेदार संवाद और होली के मौके पर तोहफे की मांग को दर्शाया गया है। यह गाना पूरी तरह से पारिवारिक है और इसे सुनकर आपको होली की असली मस्ती का अहसास होगा।

5. सिया निकले अवध के ओर

अगर आप धार्मिक भावनाओं से जुड़े होली गीत सुनना चाहते हैं, तो कल्पना पटवारी का गाया यह गाना आपके लिए परफेक्ट रहेगा। इसमें भगवान राम और माता सीता की होली का खूबसूरत वर्णन किया गया है, जो आपको आध्यात्मिक आनंद भी देगा।