
Adani Orient Cement Deal : अदाणी ग्रुप की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड (Ambuja Cements Ltd.) ने सीके बिड़ला समूह की ओरिएंट सीमेंट लिमिटेड (Orient Cement Ltd.) में 46.66 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। कंपनी ने इस संबंध में करीब 9.59 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदे हैं। यह जानकारी अंबुजा सीमेंट्स ने स्टॉक एक्सचेंज को दी है।
इस अधिग्रहण को मार्च महीने में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से 8,100 करोड़ रुपये के सौदे के तहत मंजूरी मिली थी। CCI के अनुसार इस डील में ओरिएंट सीमेंट के वर्तमान प्रमोटर और प्रमोटर समूह की 37.9 फीसदी और कुछ सार्वजनिक शेयरधारकों की 8.9 फीसदी हिस्सेदारी शामिल है।
ओरिएंट सीमेंट के पास तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में कुल तीन उत्पादन संयंत्र हैं, जबकि कंपनी की बिक्री और वितरण व्यवस्था देश के 10 राज्यों तक फैली हुई है।
प्रबंधन स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव: ओरिएंट सीमेंट ने वैभव दीक्षित को अगले तीन वर्षों के लिए एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। साथ ही, कंपनी ने प्रकाश चंद जैन का मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अब काजल सारडा CFO के पद पर जिम्मेदारी संभालेंगी।
कंपनी सचिव के पद से दीक्षा सिंह के इस्तीफे के बाद सृष्टि जैन को नया कंपनी सचिव नियुक्त किया गया है।
निदेशक मंडल में नए चेहरे: ओरिएंट सीमेंट ने विनोद बहेटी और राकेश तिवारी को नॉन-एग्जिक्यूटिव नॉन इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बनाया है। साथ ही, सुधीर नानावटी, श्रुति शाह और रवि कपूर को तीन वर्ष की अवधि के लिए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स नियुक्त किया गया है।
Read More: Gold Price MCX: क्या सोना फिर बनेगा सस्ता? जानें क्यों गिर सकता है भाव 56,000 तक