
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार बड़े और सख्त फैसले ले रहे हैं। टैरिफ विवाद के बीच अब वे एक नई नीति लागू कर सकते हैं, जिससे 41 देशों के नागरिकों की अमेरिका में एंट्री पर प्रतिबंध लग सकता है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका इन 41 देशों को तीन अलग-अलग समूहों में बांटने की योजना बना रहा है।
ट्रंप के संभावित फैसले की बड़ी बातें
पहले समूह के देशों पर पूरी तरह प्रतिबंध
इस समूह में उन 10 देशों को शामिल किया जाएगा जिनके नागरिकों के वीजा पर पूरी तरह से रोक लगाई जाएगी। इस लिस्ट में अफगानिस्तान, ईरान, सीरिया और उत्तर कोरिया जैसे देश शामिल हो सकते हैं।
दूसरे समूह के देशों को आंशिक निलंबन का सामना
दूसरे समूह में उन 5 देशों को रखा जाएगा जिनके नागरिकों को अमेरिका का पर्यटक या छात्र वीजा प्राप्त करना बेहद मुश्किल हो जाएगा। इनमें इरिट्रिया, हैती, म्यांमार और सूडान शामिल हैं।
तीसरे समूह के देशों पर सख्त शर्तें
तीसरे समूह में 26 देशों को रखा जाएगा, जिसमें पाकिस्तान भी शामिल है। इन देशों के नागरिकों को वीजा जारी करने पर आंशिक प्रतिबंध लगाया जाएगा। हालांकि, यदि ये देश 60 दिनों के भीतर अपनी खामियों को दूर कर लेते हैं, तो उन्हें अमेरिका से राहत मिल सकती है।
ट्रंप की नई नीति की पृष्ठभूमि
वैसे अमेरिका की इस नई नीति का संकेत इसी साल 20 जनवरी को मिल गया था। जब राष्ट्रपति बनने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि विदेशी नागरिकों की सुरक्षा जांच को और अधिक कठोर बनाया जाएगा।
ट्रंप और पाकिस्तान के रिश्ते
ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान अमेरिका और पाकिस्तान के संबंधों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। पहले कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने पाकिस्तान की आर्थिक सहायता पर रोक भी लगा दी थी। ट्रंप की विदेश नीति इस्लामिक देशों के प्रति हमेशा से सख्त रही है, और उन्होंने कई बार इस्लामिक राष्ट्रों पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की है। पाकिस्तान को ट्रंप के कार्यकाल में कई कड़े फैसलों का सामना करना पड़ सकता है।