img

Train Hijack : बलूचिस्तान में विद्रोहियों द्वारा बोलन में ट्रेन पर किए गए हमले ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। इस हमले में 26 बंधकों की मौत हुई, जिनमें से 18 सेना और अर्धसैनिक बल के जवान थे। इस हमले के बाद पाकिस्तान में बलूचिस्तान में लंबे समय से चल रहे अत्याचारों को लेकर बहस फिर से तेज हो गई है।

पाकिस्तान को अपनी करनी का मिला जवाब

पाकिस्तान जो खुद दशकों से अपने पड़ोसी देशों में आतंकवाद को बढ़ावा देता आया है, अब जब खुद पर हमले हो रहे हैं तो उसे कुछ समझ नहीं आ रहा। इस हमले के लिए पाकिस्तान ने हमेशा की तरह खिसियाकर भारत को जिम्मेदार ठहरा दिया, लेकिन भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

भारतीय और अफगान मीडिया पर भी लगाया आरोप

पाकिस्तान को इस हमले में अफगानिस्तान और भारतीय मीडिया की भूमिका भी नजर आ रही है। शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान सेना के जनसंपर्क विभाग (ISPR) के डायरेक्टर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि भारतीय मीडिया इस घटना पर "प्रोपेगेंडा" फैला रहा है। उन्होंने बलूचिस्तान में पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे मानवाधिकार उल्लंघनों को "विद्रोहियों के नैरेटिव को वैधता देने वाली साजिश" करार दिया।

पाकिस्तान ने भारत और अफगानिस्तान पर फोड़ा ठीकरा

पाकिस्तानी अखबार द डॉन के मुताबिक, ISPR के DG अहमद शरीफ चौधरी ने इस हमले में इंटेलिजेंस की विफलता को नकारते हुए कहा,

“हमें समझना चाहिए कि इस घटना और पहले की घटनाओं में भी मुख्य साजिशकर्ता आपका पूर्वी पड़ोसी (भारत) था।”

उन्होंने कहा कि आतंकियों ने इस हमले में अफगान और विदेशी हथियारों का इस्तेमाल किया है। यह स्पष्ट संकेत था कि पाकिस्तान फिर से अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए भारत और अफगानिस्तान पर दोष मढ़ रहा है।

बलूचिस्तान में लापता लोगों पर पाकिस्तान सरकार के पास नहीं था कोई ठोस जवाब

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब बलूचिस्तान में आतंकवाद और लापता लोगों के बारे में सवाल पूछा गया, तो वहां की कठपुतली सरकार के पास कोई ठोस जवाब नहीं था। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को "जोखिम भरा विषय" बताया और कहा कि यह लंबे समय से चर्चा में है।

उन्होंने यह भी कहा कि,

"लापता होने और जबरन गायब किए जाने में अंतर होता है।"

इस पर लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि,

"क्या दुनिया के अन्य देशों में लोग गायब नहीं होते? सिर्फ पाकिस्तान में ही इसे मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है?"

भारत ने पाकिस्तान के आरोपों पर दिया करारा जवाब

भारत ने पाकिस्तान के इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया और कहा कि इस्लामाबाद को अपनी असफलताओं के लिए दूसरों को दोष देने के बजाय अपने अंदर झांकना चाहिए।

भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा,

"हम पाकिस्तान द्वारा लगाए गए निराधार आरोपों को सख्ती से खारिज करते हैं। पूरी दुनिया जानती है कि वैश्विक आतंकवाद का असली केंद्र कहां है।"

उन्होंने आगे कहा कि,

“पाकिस्तान को अपनी आंतरिक समस्याओं और असफलताओं के लिए दूसरों को दोष देने के बजाय खुद में सुधार करने पर ध्यान देना चाहिए।”


Read More: