img

Shahzadi Khan Execution UAE : अबू धाबी में चार महीने के मासूम की हत्या के मामले में दोषी ठहराई गई भारतीय महिला शहजादी खान को 15 फरवरी को फांसी दे दी गई। इस बारे में विदेश मंत्रालय ने दिल्ली हाई कोर्ट को सोमवार को जानकारी दी।
महिला के परिवार को इस बारे में पहले से कोई सूचना नहीं थी, और अब 5 मार्च को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

परिवार की याचिका और हाई कोर्ट की प्रतिक्रिया

शहजादी खान के पिता शब्बीर खान ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी बेटी की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी थी।
जब अदालत को महिला की फांसी की सूचना दी गई, तो जस्टिस सचिन दत्ता ने इसे "बेहद दुर्भाग्यपूर्ण" करार दिया।

क्या है पूरा मामला?

शहजादी खान 19 दिसंबर, 2022 को पर्यटक वीजा पर अबू धाबी गई थीं। वहां एक दंपति ने उनके लिए केयरटेकर वीजा का इंतजाम किया और उन्हें अपने नवजात बेटे की देखभाल के लिए नियुक्त किया।

7 दिसंबर, 2022 को बच्चे को नियमित टीके लगाए गए। उसी शाम उसकी मौत हो गई। माता-पिता ने शहजादी खान पर हत्या का आरोप लगाया। 10 फरवरी, 2023 को उन्हें अबू धाबी पुलिस को सौंप दिया गया। 31 जुलाई, 2023 को अबू धाबी की अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई। तब से उन्हें अल वथबा जेल में रखा गया था।

परिवार का आरोप – नहीं मिला सही कानूनी समर्थन

याचिका में परिवार ने दावा किया कि शहजादी खान को अपना पक्ष ठीक से रखने का मौका नहीं दिया गया। आरोप है कि उनसे जबरदस्ती अपराध कबूल करवाया गया। उन्हें उचित कानूनी सहायता नहीं दी गई। कई बार विदेश मंत्रालय से जानकारी मांगी गई, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

फांसी से पहले की आखिरी कॉल

14 फरवरी को शहजादी खान ने जेल से अपने परिवार को आखिरी बार फोन किया। उन्होंने बताया कि उन्हें एक-दो दिन में फांसी दी जाएगी। इसके बाद से परिवार को कोई जानकारी नहीं मिली। पिता ने अदालत में गुहार लगाई कि उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि उनकी बेटी जिंदा है या नहीं।

भारत सरकार की प्रतिक्रिया

अदालत में भारत सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने बताया कि

भारत सरकार ने शहजादी को पूरी कानूनी मदद देने की कोशिश की। एक स्थानीय कानूनी फर्म को अदालत में उनका पक्ष रखने के लिए नियुक्त किया गया। लेकिन अबू धाबी में बच्चे की हत्या के मामलों में बहुत कठोर कानून हैं।

अब सरकार परिवार के सदस्यों को अंतिम संस्कार में शामिल कराने की व्यवस्था कर रही है।


Read More: