img

Times News Hindi,Digital Desk : गर्मी का मौसम आते ही लोग खुद को हाइड्रेट रखने और गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के पेय पदार्थों का सहारा लेते हैं। इनमें एक पारंपरिक देसी ड्रिंक ‘सत्तू’ भी है, जिसे गर्मियों का वरदान माना जाता है। स्वादिष्ट होने के साथ ही यह सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी होता है। सत्तू शरीर को ठंडक, ऊर्जा और आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है, इसलिए इसे गर्मियों का सुपरफूड कहना गलत नहीं होगा।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में नवंबर 2021 में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, सत्तू में ठंडक पहुंचाने वाले गुण होते हैं, जो इसे गर्मियों के लिए एक आदर्श पेय बनाते हैं। इसमें प्रचुर मात्रा में फाइबर होता है और ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी कम होता है, जिससे यह पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करता है। इसका फाइबर मल त्याग की प्रक्रिया को सामान्य करने, कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करने और पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने में प्रभावी है। सत्तू में मौजूद प्रोटीन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और आयरन जैसे पोषक तत्व शरीर को स्वस्थ रखने में बेहद मददगार होते हैं।

सत्तू का उपयोग भारतीय उपमहाद्वीप के कई राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में खूब किया जाता है। गेहूं, चना, जौ और अन्य अनाजों से बनने वाला सत्तू विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है।

सत्तू का सेवन करने से शरीर की पाचन शक्ति मजबूत होती है और ऊर्जा का स्तर बढ़ता है। वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी यह एक बेहतरीन विकल्प है। सत्तू का सेवन शरबत, लड्डू, पराठा या चपाती के रूप में किया जा सकता है। विशेष रूप से सत्तू का शरबत गर्मी में प्यास बुझाने के साथ ही शरीर का तापमान नियंत्रित करता है।

इसके अतिरिक्त, सत्तू में अघुलनशील फाइबर होता है जो कब्ज, एसिडिटी और भारी भोजन के बाद होने वाली समस्याओं से राहत देता है। इसका कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स इसे डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद बनाता है, क्योंकि यह रक्त शर्करा स्तर को नियंत्रित रखता है। साथ ही, उच्च फाइबर की वजह से यह उच्च कोलेस्ट्रॉल वाले लोगों के लिए भी लाभकारी होता है।


Read More:
होंठों के रंग से पहचानें विटामिन की कमी, डाइट में शामिल करें ये सुपरफूड